बंगाल-असम में बाढ़ का अलर्ट, 10 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
30 अक्टूबर 2026। पड़ोसी देश भूटान में गुरुवार देर रात शिंताफू ग्लेशियर झील फटने से भारी तबाही मच गई। झील से निकले पानी के तेज बहाव में गासा जिले का मशहूर गर्म पानी का कुंड ‘गासा त्शाचु’ पूरी तरह बह गया। वहीं, बाढ़ के पानी से पुनाखा-गासा हाईवे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते मार्ग पर यातायात बंद करना पड़ा। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ग्लेशियर झील से निकले पानी के कारण संकोश नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यह नदी भूटान से निकलकर भारत के असम और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों से गुजरती है और आगे ब्रह्मपुत्र नदी में मिलती है। बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए पश्चिम बंगाल और असम में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में स्थिति को देखते हुए 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। रातभर सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया गया और घर खाली करने की अपील की गई। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात की गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर की शाम भूटान के गासा जिले के लुंगो क्षेत्र में स्थित शिंताफू त्शो ग्लेशियर झील से पानी का तेज बहाव शुरू हुआ। यह झील वाकिला पर्वत के नीचे स्थित है और भूटान की संभावित खतरनाक ग्लेशियर झीलों में शामिल है। पानी का बहाव इतना तेज था कि आसपास के इलाकों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, हाईवे पर पेड़ और मलबा जमा हो गया तथा सिंचाई व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा।
बाढ़ के पानी से लाया गांव की ओर जाने वाली सड़क का एक हिस्सा बह गया है। वहीं, पुनाखा जिले में सोलर सिंचाई लिफ्टिंग सिस्टम भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
बताया जा रहा है कि झील से निकला बाढ़ का पानी 6 से 8 घंटे में भारत-भूटान सीमा तक पहुंचने की आशंका थी। इसके मद्देनजर पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी के साथ असम के धुबरी सहित नदी किनारे के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।