जगदलपुर, 29 अक्टूबर 2026। बस्तर जिले में प्राकृतिक आपदाओं के कारण अपनों को खोने वाले 10 परिवारों को आर्थिक सहायता देने की स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 4 लाख रुपये के मान से कुल 40 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है। यह राशि संबंधित परिवारों के बैंक खातों में सीधे लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, इन परिवारों के सदस्यों की मृत्यु तालाब, कुएं, नदी और गड्ढे के पानी में डूबने, आकाशीय बिजली गिरने और सांप के काटने जैसी घटनाओं में हुई थी। सहायता पाने वाले परिवार तहसील बस्तर, करपावण्ड, भानपुरी, बकावण्ड, तोकापाल और लोहण्डीगुड़ा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। इनमें छिंदगांव, सतोषा, पोलेबेड़ा, कावड़गांव, खण्डसरा, भानपुरी बड़ेपारा, सालेमेटा, फरसीगांव, करंजी और अमलीधार के प्रभावित परिवार शामिल हैं।
कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदारों को स्वीकृत सहायता राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित करने के निर्देश दिए हैं। इस आर्थिक सहायता का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना है।