बस्तर में चोरी के मामले में 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार, दो बाइक समेत ₹1.31 लाख का सामान बरामद

भानपुरी पुलिस की कार्रवाई, करंदोला की बाइक और कोंडागांव से चोरी की गई पल्सर बरामद

जगदलपुर, 29 अक्टूबर 2026। बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पुलिस ने 18 वर्षीय युवक सागर कश्यप को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, नकदी और किराना सामान सहित कुल 1 लाख 31 हजार 505 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, सिंचाई कॉलोनी करंदोला निवासी शुभम गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 अक्टूबर की दरम्यानी रात उनकी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG17-KR-0143 चोरी हो गई। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर करंदोला छेपड़ापारा निवासी सागर कश्यप पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पैशन प्रो मोटरसाइकिल के अलावा कोंडागांव से बजाज पल्सर चोरी करने और भानपुरी के एक पान ठेले से बिस्किट, चॉकलेट, साबुन, लाइटर, बीड़ी सहित नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने गवाहों के समक्ष दोनों मोटरसाइकिलें और अन्य सामान बरामद कर जब्त कर लिया।

जब्त संपत्ति में पैशन प्रो मोटरसाइकिल की कीमत 30 हजार रुपये, बजाज पल्सर की कीमत 1 लाख रुपये, नकदी 355 रुपये और अन्य सामान की कीमत 1,150 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 29 अक्टूबर को न्यायालय जगदलपुर में पेश किया जाना है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के निर्देशन और एसडीओपी भानपुरी संगम राम के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षकुमार धुरंधर और प्रशिक्षु उप निरीक्षक कमलेश्वर प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *