स्कूल में खूनी हमला: 11वीं के छात्र पर चाकू से जानलेवा वार, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

रायपुर 14जुलाई 2026/राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित फुंडहर हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में 11वीं कक्षा के एक छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद हुई इस वारदात में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक छात्र ने दूसरे छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर ने छात्र के गले पर वार करने की कोशिश की, लेकिन बचाव के दौरान चाकू उसकी जांघ में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साथी छात्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *