दंतेवाड़ा। 14जुलाई 2026/जिले में साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जो अपने बैंक खाते, पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड किराये पर देकर साइबर ठगी से अर्जित रकम के अवैध लेन-देन में सहयोग कर रहे थे। जांच में दोनों के बैंक खातों में 5 लाख 29 हजार 898 रुपये का संदिग्ध वित्तीय लेन-देन सामने आया है।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खाते और बैंकिंग दस्तावेज अन्य लोगों को कमीशन के बदले उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जाता था। तकनीकी जांच और उपलब्ध डिजिटल व दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता, पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड या अन्य बैंकिंग दस्तावेज किसी भी हालत में उपयोग के लिए न दें और न ही किराये पर उपलब्ध कराएं। यदि कोई ऐसा प्रस्ताव देता है तो इसकी सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।