रथ यात्रा से पहले पुरी में हाई अलर्ट: आतंकवाद विरोधी मॉक ड्रिल, सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा

पुरी। 14जुलाई 2026/विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले ओडिशा के पुरी में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए बुधवार को बड़े पैमाने पर आतंकवाद विरोधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। श्री जगन्नाथ मंदिर के आसपास, पुरी रेलवे स्टेशन और ताज होटल सहित कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त अभ्यास कर किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, अग्निशमन विभाग, ओडीआरएएफ, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस सेवाओं और जिला प्रशासन की टीमों ने आतंकवादी हमले जैसी काल्पनिक परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का अभ्यास किया। इसमें संदिग्ध वस्तुओं की जांच, बम निष्क्रिय करना, घायलों का रेस्क्यू, चिकित्सा सहायता, सुरक्षित निकासी और कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम का परीक्षण शामिल रहा।

रथ यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने शहर के होटलों और गेस्ट हाउसों में भी सघन जांच अभियान शुरू किया है। पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने कहा कि ऐसे अभ्यास से सुरक्षा एजेंसियों की कार्यक्षमता और आपसी समन्वय मजबूत होता है, जिससे किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।

पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता के लिए शहर में कई पुलिस सहायता एवं सूचना केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *