दंतेवाड़ा/गीदम, 4 अगस्त 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस ने स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से3अगस्त को विशेष वाहन सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत स्कूल बसों के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन वाहनों का निरीक्षण कर चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूँटे एवं राम कुमार बर्मन के मार्गदर्शन में थाना गीदम पुलिस ने केंद्रीय विद्यालय चिंतलका एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जावंगा में संचालित स्कूल बसों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बसों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरण, आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस और संचालन संबंधी मानकों की जांच की गई। बस चालकों को निर्धारित यूनिफॉर्म में ड्यूटी करने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही प्रत्येक स्कूल बस में बच्चों की सुरक्षा के लिए सह-चालक (हमराह) की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस ने सह-चालकों को बच्चों के बस में चढ़ने और उतरने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा उनकी सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान थाना गीदम क्षेत्र में संचालित ऑटो, कमांडर और बोलेरो जैसे यात्री वाहनों की भी जांच की गई। वाहन चालकों को क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाने, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की हिदायत दी गई। इस दौरान फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट सहित अन्य वैधानिक दस्तावेजों की भी जांच की गई।
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा कि स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए ऐसे निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।