लखनऊ। 4अगस्त 2026/उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार आज वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट विधानसभा में पेश करेगी। करीब 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक के इस बजट में विकास परियोजनाओं के साथ-साथ युवाओं, किसानों और विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों के लिए कई अहम घोषणाएं होने की संभावना है।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना विधानसभा में दोपहर 12:20 बजे अनुपूरक बजट पेश करेंगे, जबकि विधान परिषद में इसे नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य प्रस्तुत करेंगे। इससे पहले कैबिनेट बैठक में बजट प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी।
क्या हो सकते हैं प्रमुख ऐलान?
युवाओं के लिए ‘युवा समग्र विकास योजना’ की घोषणा संभव।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहनें, रसोइयों और ग्राम चौकीदारों के मानदेय में बढ़ोतरी की उम्मीद।
सड़क और नए लिंक एक्सप्रेसवे समेत अवस्थापना विकास परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त बजट।
मथुरा के विकास कार्यों को विशेष प्राथमिकता मिलने की संभावना।
वकीलों के कैशलेस इलाज के लिए धन आवंटन किए जाने की भी उम्मीद।
सरकार का यह अनुपूरक बजट आगामी विधानसभा चुनावों से पहले विकास कार्यों को गति देने और विभिन्न वर्गों को राहत देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बजट पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हुई हैं।
25 हजार करोड़ से ज्यादा का अनुपूरक बजट आज पेश करेगी योगी सरकार, युवाओं-किसानों और कर्मचारियों के लिए हो सकते हैं बड़े ऐलान