बस्तर में खनिज माफियाओं पर बड़ा प्रहार: अवैध रेत-चूना पत्थर परिवहन में 36 वाहन जब्त

25मई 2026

जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत और चुना पत्थर के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे 36 वाहनों को जब्त किया है। खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई जिले के अलग-अलग इलाकों में की गई। जब्त वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

खनिज विभाग के संचालक और बस्तर कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में जिला खनिज जांच उड़नदस्ता दल ने उपनपाल, देवड़ा, कोडेनार, बड़ेआमाबाल, कोरपाल, बस्तर, खोरखोसा, बेलगांव, धरमपुरा, जगदलपुर, कुम्हरावंड, पिपलावंड, बजावंड, बडांजी, छापरमानपुरी, तारापुर और बनियागांव सहित कई क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान कई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के रेत और गौण खनिज चुना पत्थर का परिवहन करते पाए गए। वहीं कुछ स्थानों पर अवैध भंडारण और उत्खनन की भी पुष्टि हुई। विभाग ने चार भंडारणकर्ताओं के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1967 की धारा 21 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि अवैध खनिज कारोबार पर रोक लगाने के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह सघन अभियान जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान खनि अधिकारी शिखर चेरपा, सहायक खनि अधिकारी जागृत गायकवाड, खनि निरीक्षक अंकित पुरी, अनि सिपाही डिकेश्वर खरे, नगर सैनिक विजय कश्यप, कृष्णा बघेल, सहदेव बघेल सहित जिला खनिज जांच उड़नदस्ता दल के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *