26मई 2026
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 25मई को बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री कर रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 617 ग्राम अवैध गांजा और बिक्री रकम 1250 रुपये जब्त की है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के पनारा पारा इलाके में एक महिला द्वारा गांजा बिक्री किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम सोनी नाग निवासी डोंगाघाट बीजाभाटा पारा, जगदलपुर बताया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। गांजा रखने और बिक्री करने के संबंध में महिला कोई वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस द्वारा जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।