26मई 2026
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सरकारी राशि में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत माखनपुर में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये निकाल लिए गए, लेकिन जमीन पर काम शुरू तक नहीं हुआ। मामले का खुलासा होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तत्कालीन सरपंच, सचिव और ठेकेदार को जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में ग्राम पंचायत माखनपुर में कई निर्माण कार्यों के लिए प्रशासन द्वारा बड़ी राशि स्वीकृत की गई थी। इनमें स्वामी आत्मानंद स्कूल में कंप्यूटर कक्ष और पुस्तकालय निर्माण, शासकीय स्कूल में शौचालय निर्माण तथा भवन विस्तार जैसे कार्य शामिल थे। लेकिन शिकायत मिलने पर जब जांच कराई गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि निर्माण कार्य शुरू किए बिना ही करीब 44 लाख 65 हजार 600 रुपये की राशि निकाल ली गई। आरोप है कि तत्कालीन सरपंच, पंचायत सचिव और ठेकेदार ने आपसी मिलीभगत कर सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया। मौके पर निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं मिला।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जांच के निर्देश दिए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर पाली एसडीएम ने पंचायत राज अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। प्रशासन ने आरोपियों से राशि वसूलने के आदेश भी जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि करीब 14 लाख 88 हजार रुपये की वसूली वेतन और अन्य मदों से की जाएगी।
इसके साथ ही तीनों आरोपियों को तीन दिन के लिए सिविल जेल भेजने का आदेश दिया गया है। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सरकारी योजनाओं और निर्माण कार्यों में गड़बड़ी करने वालों में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर ने साफ कहा है कि सरकारी राशि के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।