दुर्ग में सनसनी: प्रेम प्रसंग बना खौफनाक मंजर, युवती ने घर में घुसकर मां-बेटे की बेरहमी से हत्या

25अप्रैल2026

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवती ने प्रेम प्रसंग के चलते एक परिवार को उजाड़ दिया। सुपेला थाना क्षेत्र की STF कॉलोनी में आरोपी युवती ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके मासूम बेटे पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में महिला और 9 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, आरक्षक ललितेश यादव वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती का उनसे प्रेम संबंध था और वह शादी करने का दबाव बना रही थी। घटना वाले दिन सुबह जब आरक्षक घर से बाहर थे, तभी युवती उनके घर पहुंची।
घर पहुंचने के बाद उसने सामान्य तरीके से खाना मांगा। महिला ने उसे खाना भी दिया, लेकिन इसी दौरान मौका पाकर युवती ने पहले सो रहे बच्चे पर हमला किया और फिर महिला पर कई वार किए। अचानक हुए इस हमले से घर में चीख-पुकार मच गई।
हमले के दौरान महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपी को रोकने की कोशिश की और अपनी बेटियों को भागने के लिए कहा। एक बेटी किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों को बुलाने में सफल रही, जबकि दूसरी ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने आरोपी युवती को पकड़ लिया और उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती एक दिन पहले भी घर आई थी, लेकिन तब उसे समझाकर भेज दिया गया था। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध और शादी के विवाद को इस खौफनाक घटना की वजह माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में हत्या व हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *