रायपुर, 7 सितंबर 2026। बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अब रात का अंधेरा दूर होगा। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की अनुशंसा पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए 2 करोड़ 6 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
इस योजना के तहत गांवों की प्रमुख सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे रात के समय आवागमन आसान होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होने की उम्मीद है।
बलौदाबाजार जनपद के 13 गांवों में लगेंगी हाई मास्ट लाइटें
प्रशासकीय स्वीकृति के अनुसार बलौदाबाजार जनपद पंचायत के अंतर्गत देवरी, लिमाही, भद्रापाली, गैतरा, भरसेली, सरकीपार, कोकड़ी, भाटागांव और चरोटी सहित विभिन्न गांवों में हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इसके लिए अलग-अलग राशि स्वीकृत की गई है।
तिल्दा और सिमगा की 30 ग्राम पंचायतों को 1.50 करोड़
योजना के तहत रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड की 15 ग्राम पंचायतों और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड की 15 ग्राम पंचायतों के लिए कुल 1.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 5-5 हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है। हाई मास्ट लाइट लगने से रात में आवागमन सुगम होगा, सुरक्षा बेहतर होगी और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी के साथ गांवों की सुंदरता भी बढ़ेगी।