तीज के रंग में रंगा रायपुर प्रेस क्लब, रैंप पर उतरीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े; महिला पत्रकारों का बढ़ाया उत्साह

रायपुर, 7 सितंबर 2026। रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को महिला पत्रकारों के लिए आयोजित तीज महोत्सव पारंपरिक उल्लास और उत्साह से सराबोर रहा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शिरकत कर महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने महिला पत्रकारों के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ ही पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक भी किया।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का सिर पर पल्लू लेकर पारंपरिक अंदाज में रैंप पर उतरना कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा। उनके रैंप वॉक पर पूरे परिसर में तालियों की गूंज सुनाई दी।

लक्ष्मी वर्मा और भावना बोहरा ने भी बढ़ाई महोत्सव की रौनक

तीज महोत्सव में राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना बोहरा भी शामिल हुईं। भावना बोहरा ने महिला पत्रकारों के साथ रैंप वॉक किया, जबकि लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर अपनी प्रस्तुति देकर तीज की खुशियां साझा कीं।

खेल और प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह

महोत्सव के दौरान महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला पत्रकारों ने उत्साह के साथ इनमें हिस्सा लिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिला पत्रकारों ने रैंप वॉक के दौरान आत्मविश्वास और आकर्षक अंदाज से सभी का ध्यान खींचा।

महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और महिलाओं के उल्लास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाने और लोगों की आवाज को मजबूती देने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना बोहरा ने भी महिला पत्रकारों को तीज की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में सभी महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट भी दिए गए। तीज के पारंपरिक रंग, रैंप वॉक, खेल-प्रतियोगिताओं और आपसी मेलजोल ने रायपुर प्रेस क्लब को उत्सव के माहौल में बदल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *