12मई 2026
रायपुर में खेले गए IPL मुकाबले का जुनून एक युवक पर इतना भारी पड़ गया कि टिकट नहीं मिलने की निराशा में उसने स्टेडियम की ऊंची दीवार से छलांग लगा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को दीवार फांदते और फिर घायल हालत में देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि युवक RCB और मुंबई इंडियंस के हाई-वोल्टेज मैच को देखने पहुंचा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने के कारण उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया।
मैच को लेकर राजधानी रायपुर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्टेडियम के बाहर हजारों क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ उमड़ी थी। कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन टिकट हाथ नहीं लग सके। इसी बीच कुछ लोगों द्वारा टिकटों की कालाबाजारी किए जाने की चर्चाएं भी सामने आईं। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में महंगे दामों पर टिकट बेचने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक किसी भी तरह मैच देखने के लिए स्टेडियम के अंदर जाना चाहता था। इसी कोशिश में उसने करीब 10 फीट ऊंची दीवार पार करने की कोशिश की, लेकिन नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर में चोट आई है। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और उपचार के लिए भेजा।
घटना के बाद स्टेडियम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की जोखिम भरी हरकतों से बचें और केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट खरीदें। IPL के बढ़ते क्रेज के बीच यह घटना अब चर्चा का विषय बनी हुई है।