महाराष्ट्र में फिर महंगा हुआ दूध, 11 अगस्त से ₹2 प्रति लीटर बढ़ेंगे दाम; जानें नई कीमतें

महाराष्ट्र 9 अगस्त 2026 /महाराष्ट्र में दूध की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी होने जा रही है। राज्य में 11 अगस्त से गाय और भैंस के दूध के दाम ₹2 प्रति लीटर बढ़ जाएंगे। दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने की उम्मीद है।

11 अगस्त से दूध की नई कीमतें

मिल्क प्रोड्यूसर्स एंड प्रोसेसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में राज्य की प्रमुख सहकारी और निजी डेयरियों ने दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है।

  • गाय का दूध: ₹60 से बढ़कर ₹62 प्रति लीटर
  • भैंस का दूध: ₹76 से बढ़कर ₹78 प्रति लीटर

दही-पनीर और घी भी हो सकते हैं महंगे

एसोसिएशन के मुताबिक दूध के साथ दही, छाछ, पनीर और घी की कीमतों में भी करीब 10 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में डेयरी उत्पादों के लिए लोगों को अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।

क्यों बढ़ाए गए दूध के दाम?

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। इनमें परिवहन लागत में बढ़ोतरी, पैकेजिंग सामग्री के महंगे होने और किसानों की बढ़ती लागत को प्रमुख वजह माना जा रहा है।

एसोसिएशन के अनुसार डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से दूध के परिवहन का खर्च बढ़ा है। वहीं दूध के पैकेट और अन्य पैकेजिंग सामग्री की लागत में भी काफी इजाफा हुआ है।

किसानों की लागत बढ़ने का भी असर

दूध उत्पादन से जुड़ी लागत लगातार बढ़ने का असर भी कीमतों पर पड़ रहा है। सरकार की ओर से संसद में दिए गए जवाब के मुताबिक फिलहाल दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। दूध की कीमतें बाजार की परिस्थितियों के आधार पर सहकारी समितियों और निजी डेयरियों द्वारा तय की जाती हैं।

त्योहारी सीजन से पहले दूध के दाम बढ़ने से महाराष्ट्र में घरेलू बजट पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *