जगदलपुर- बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में बीती देर रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर का दरवाजा तोड़ कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और पीतल की मूर्तियां चोरी कर ले गया। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोर ने मंदिर के भीतर स्थापित माता काली के विग्रह से स्वर्ण हार और माता दंतेश्वरी के विग्रह से चांदी के हार में जड़ा स्वर्ण लॉकेट चोरी कर लिया। इसके अलावा देवी-देवताओं की तीन पीतल की मूर्तियां भी चोर अपने साथ ले गया।
सुबह जब मंदिर के पुजारी उदय पाणिग्राही पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मंदिर का दरवाजा टूटा हुआ पाया। इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, राजपरिवार द्वारा वर्ष 2024 में कुलदेवी माता काली को समर्पित किया गया स्वर्ण हार, जिसकी अनुमानित कीमत 7 से 8 लाख रुपये बताई जा रही है, चोरी हुआ है। साथ ही माता दंतेश्वरी का चांदी का हार, जिसमें स्वर्ण लॉकेट जड़ा हुआ था, भी चोर ले गया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 1 बजे के आसपास की है। सीसीटीवी फुटेज में एक नकाबपोश चोर हाथ में रॉड लेकर मंदिर में प्रवेश करता और विग्रहों से आभूषण चोरी करता साफ नजर आ रहा है।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्हें चोरी की सूचना मिलने के बाद मंदिर पहुंचना पड़ा। उन्होंने कहा कि मंदिर की सुरक्षा में दो गार्ड तैनात रहते हैं और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर पिछले दरवाजे से मंदिर के अंदर दाखिल हुआ था। मामले की गहन जांच की जा रही है।
वहीं बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि मां दंतेश्वरी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। अब तक की जांच में माता काली का एक सोने का हार और माता दंतेश्वरी का चांदी का हार, जिसमें सोने का लॉकेट लगा हुआ था, चोरी होने की पुष्टि हुई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
जिले के सबसे बड़े और प्रमुख धार्मिक स्थल में हुई इस चोरी की घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद नगरवासियों में भारी रोष देखा जा रहा है और लोग मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
आस्था पर वार: बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में देर रात चोरी, CCTV में कैद वारदात