माओवादियों की साजिश नाकाम: मद्देड़ क्षेत्र में IED और भारी विस्फोटक सामग्री बरामद

बीजापुर, 24 जनवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मद्देड़ क्षेत्र अंतर्गत बंदेपारा–नीलमड़गु के मध्य जंगल इलाके में चलाए गए सघन सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने 16 प्रेशर IED और माओवादियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी को सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान माओवादियों द्वारा बंदेपारा–नीलमड़गु पगडंडी मार्ग और आसपास के जंगली क्षेत्र में बीयर बोतलों में लगाए गए कुल 16 प्रेशर IED बरामद किए गए। सभी IED को मौके पर ही बम निरोधक दस्ते (BDS) द्वारा सुरक्षा मानकों के तहत निष्क्रिय कर दिया गया।
इसके अलावा, सर्चिंग अभियान के दौरान डीआरजी बीजापुर, थाना मद्देड़ पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 22वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने नीलमड़गु से बंदेपारा के बीच अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए माओवादी डंप का भी पर्दाफाश किया। स्टील कंटेनर और प्लास्टिक बाल्टियों में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामान बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में शामिल हैं—
जिलेटीन स्टिक: 784 नग (लगभग 100 किलोग्राम)
कार्डेक्स वायर: 03 बंडल
काली वर्दी का कपड़ा: लगभग 350 मीटर
गन पावडर: 01 किलोग्राम
वॉकी-टॉकी चार्जर: 04 नग, बैटरी: 04 नग, मोबाइल चार्जर: 02 नग
माओवादी साहित्य, माओवादी वर्दी, पिट्ठू बैग
अन्य सामग्री: तेल, साबुन, स्टील कंटेनर आदि
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है और उनके खिलाफ प्रभावी एवं सतत कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से माओवादियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *