‘पूना मारगेम’ से टूटी माओवादी हिंसा की कड़ी ₹8 लाख के इनामी 4 माओवादी, 2 महिलाएं शामिल, हथियारों समेत मुख्यधारा में लौटे

सुकमा | 30 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला सुकमा पुलिस और आंध्रप्रदेश की अल्लूरि सीताराम राजू पुलिस के संयुक्त प्रयासों से किस्टाराम एरिया कमेटी में सक्रिय ₹8 लाख के इनामी चार माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए शासन की पुनर्वास नीति को अपनाया है। आत्मसमर्पण करने वालों में दो महिला माओवादी भी शामिल हैं। यह आत्मसमर्पण पुलिस विभाग के विशेष अभियान ‘पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन’ के तहत हुआ।
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी कैडरों ने SLR, INSAS, .303 और .315 बोर रायफल सहित ऑटोमैटिक हथियार और एम्युनेशन भी जमा किए हैं। ये सभी माओवादी गोलापल्ली LOS कमांडर एवं पार्टी सदस्य रैंक के हैं।

सुरक्षा कैम्प और विकास से टूटा माओवादियों का दायरा


पुलिस अधिकारियों के अनुसार किस्टाराम और गोलापल्ली क्षेत्रों में नवीन सुरक्षा कैम्पों की स्थापना, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और लगातार सफल नक्सल विरोधी अभियानों के चलते माओवादियों का स्वतंत्र विचरण क्षेत्र लगभग समाप्त हो चुका है। इसके साथ ही शासन की विकास योजनाओं की पहुँच सुदूर अंचलों तक होने से माओवादी संगठन के प्रति कैडरों और ग्रामीणों में मोहभंग तेजी से बढ़ा है।


हिंसा छोड़कर सम्मानजनक जीवन की ओर कदम


आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी कैडरों को छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, पुनर्वास और अन्य नियमानुसार सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर शांतिपूर्ण और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी कैडर
सोढ़ी जोगा – गोलापल्ली LOS कमांडर, ₹5 लाख इनामी, SLR रायफल सहित
डाबर गंगा उर्फ मड़कम गंगा – पार्टी सदस्य, ₹1 लाख इनामी, INSAS रायफल
सोढ़ी राजे – पार्टी सदस्य, ₹1 लाख इनामी, .303 रायफल
माड़वी बुधरी – पार्टी सदस्य, ₹1 लाख इनामी, .315 बोर रायफल
उक्त सभी माओवादी पिछले कई वर्षों से सुकमा जिले में सक्रिय थे और आठ से अधिक नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। आगे की पूछताछ जारी है।
पुलिस की अपील
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुकमा  किरण चव्हाण ने कहा कि “शेष बचे माओवादी कैडर भी हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करें और शासन की पुनर्वास नीति का लाभ लेकर अपने जीवन की नई शुरुआत करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *