ग्रेटर नोएडा | 4 अगस्त 2026 ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण करने वाली आईएलजीआईएम कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग बुझाने के दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का बीम अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की कई टीमें दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान कंपनी की एक साइड की दीवार और बीम भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में पांच फायरकर्मी आ गए।
हादसे में फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह की मौत हो गई। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। मलबे में किसी अन्य के फंसे होने की आशंका को देखते हुए सघन तलाशी अभियान चलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
पुलिस ने दोनों मृत फायरकर्मियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।