बीजापुर, 10 नवंबर 2026। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित पुनर्वास केंद्र पहुंचकर पुनर्वासित माओवादियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कौशल विकास का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुनर्वासितों से बातचीत की और उनके प्रशिक्षण, अनुभवों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
एसपी ने पुनर्वासितों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जाना। उन्होंने पुनर्वासितों को आत्मनिर्भर बनने और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान पुनर्वासितों ने नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर बदलते बस्तर की तस्वीर पेश की। उन्होंने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंच रही बुनियादी सुविधाओं को दर्शाया। इसमें स्कूल, अस्पताल, राशन दुकान, सड़क, बिजली, पानी और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाओं के विस्तार को दिखाया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुनर्वासितों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन का माहौल खुशनुमा और आत्मीय रहा। पुनर्वास केंद्र में चल रही प्रशिक्षण एवं पुनर्वास गतिविधियों का जायजा लेते हुए एसपी ने पुनर्वासितों के बेहतर भविष्य और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित किया।