खैरागढ़, 28 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में 1 से 3 नवंबर तक जिला स्तरीय सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। राजा फतेह सिंह खेल मैदान में लगने वाले इस तीन दिवसीय मेले में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा आयोजित इस मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को बाजार उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के अवसर बढ़ाना है।
मेले में कपड़े, बैग-पर्स, पापड़-बड़ी, अचार, मसाले, दाल, बेसन, मिट्टी के दीये, बांस से बनी कलात्मक सामग्री, डेयरी उत्पाद, जैविक सब्जियां, फल और जैविक चावल सहित कई उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही आगंतुकों को छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों के साथ चाट, गुपचुप, भेल, चाय-कॉफी, फास्ट फूड और दक्षिण भारतीय व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर भी मिलेगा।
सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा मेला
सरस मेले का आयोजन तीनों दिन प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। यहां नागरिकों को स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने और ग्रामीण महिलाओं के हुनर को प्रोत्साहित करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने जिले के नागरिकों से मेले में पहुंचकर स्व-सहायता समूहों के उत्पाद खरीदने और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता में सहभागी बनने की अपील की है।