स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्ती: CMHO डॉ. संजय बसाक का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर दी कड़ी चेतावनी

जगदलपुर, 5 जुलाई 2026।
बस्तर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर तथा प्रभावी बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय बसाक ने स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानगुर, तोकापाल और दरभा का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट किया कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और समय पर इलाज उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पतालों की ओपीडी, आईपीडी और पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और 24 घंटे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मानसून के मौसम को देखते हुए अधिकारियों ने मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कोल्ड चेन प्वाइंट का भी निरीक्षण किया गया। टीकों के सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण और रिकॉर्ड संधारण की जांच करते हुए सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने वाली एचपीवी वैक्सीन का अधिकतम कवरेज सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों में ‘निश्चय निरामय’ पोर्टल पर शत-प्रतिशत और समयबद्ध डेटा एंट्री करने के निर्देश दिए, ताकि टीबी के संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उनका उपचार शुरू किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान टीम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर तीरथगढ़ और आंगनबाड़ी केंद्र छिंदावाड़ा का भी दौरा किया, जहां मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण गतिविधियों का मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के अंत में CMHO डॉ. संजय बसाक ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण और सतत मॉनिटरिंग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *