श के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट स्कूली विद्यार्थियों को देंगे प्रशिक्षण, बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और सकारात्मक बदलाव को मिलेगी रचनात्मक अभिव्यक्ति
रायपुर।29july बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई पहचान को रचनात्मक अंदाज में देश के सामने लाने के उद्देश्य से जगदलपुर में ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में स्कूली विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी सकारात्मक बदलाव को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करने के लिए कार्यशाला की थीम ‘मुस्कुराता बस्तर’ रखी गई है, ताकि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से रचनात्मक रूप से जुड़ सके।
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे लाइव डेमो के जरिए विद्यार्थियों को ऑन-द-स्पॉट कार्टून और कैरिकेचर बनाने की तकनीक सिखाएंगे। प्रतिभागियों को कार्टून कला के सामाजिक सरोकार, रचनात्मक संभावनाओं और रोजगार के अवसरों से भी परिचित कराया जाएगा।
कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य बस्तर की सकारात्मक छवि को कार्टून कला के माध्यम से नई अभिव्यक्ति देना है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा तथा समृद्ध जनजातीय संस्कृति जैसे विषय विद्यार्थियों की रचनात्मकता का हिस्सा बनेंगे।
आयोजकों का मानना है कि यह पहल स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ बस्तर की सकारात्मक पहचान को देशभर तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान के माध्यम से कला, संस्कृति और विकास के संगम को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।