भानपुरी में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब और वाहन जब्त, आरोपी गिरफ्तार

30मई2026


बस्तर जिले के थाना भानपुरी क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन और बिक्री के लिए ले जाते हुए गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में शराब और एक वाहन भी जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम भानपुरी से चित्रकोट रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर बेडागुड़ा चौक के पास घेराबंदी की। इसी दौरान बड़े आमाबाल की ओर से आ रही एक कत्था रंग की एक्टिवा वाहन को रोका गया। जांच के दौरान वाहन चालक की पहचान भानपुरी बाजार पारा निवासी 35 वर्षीय संजय कुमार गुप्ता उर्फ मोनू गुप्ता के रूप में हुई।

तलाशी लेने पर वाहन से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें किंगफिशर बीयर की 40 बोतलें, रॉयल स्टैग के 7 अध्धे और रॉयल चैलेंज के 10 पौवे शामिल थे। कुल मिलाकर लगभग 30.425 बल्क लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12,940 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही लगभग 40 हजार रुपये मूल्य का वाहन भी जप्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *