सीएम योगी के समर्थन में GST डिप्टी कमिश्नर का इस्तीफा, पत्नी से फोन पर फूट-फूटकर रोए प्रशांत कुमार सिंह

अयोध्या | अयोध्या संभाग में तैनात राज्यकर विभाग (GST) के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा देकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। इस्तीफा देने के बाद पत्नी से फोन पर बातचीत के दौरान वे भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोते नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस्तीफे के बाद प्रशांत कुमार सिंह ने पत्नी को फोन कर कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में यह फैसला लिया है। फोन पर रोते हुए उन्होंने कहा, “मुझे यह सब बर्दाश्त नहीं हुआ… जिस सरकार का नमक खाता हूं, उसका अपमान मैं सहन नहीं कर सकता।” भावुक बातचीत के बाद उन्होंने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से भी माफी मांगी और बताया कि उनकी दो बेटियां हैं।
प्रशांत कुमार सिंह के ऑफिस में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी उन्हें सांत्वना देते हुए दिखाई दिए। भावनात्मक माहौल के बीच उन्होंने फोन काट दिया।
जानकारी के मुताबिक, प्रशांत कुमार सिंह ने दो पन्नों का इस्तीफा उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को भेजा है। इस्तीफे में उन्होंने लिखा है कि ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर की गई कथित आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियों से वे गहराई से आहत हैं।
उन्होंने अपने इस्तीफे में स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए जनप्रतिनिधि हैं और उनका अपमान उनके लिए अस्वीकार्य है। “मैं जिस सरकार के अधीन कार्यरत हूं, उसके मुखिया के अपमान को बर्दाश्त नहीं कर सकता,”—यह बात उन्होंने इस्तीफे में लिखी है।
इस घटनाक्रम के बाद यह मामला प्रशासनिक सेवा की मर्यादा, व्यक्तिगत आस्था और सार्वजनिक जीवन में भावनाओं की भूमिका को लेकर नई बहस छेड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *