जगदलपुर, 08 अगस्त 2026। बस्तर के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिले के उद्यमियों और व्यवसायियों को निर्यात की संभावनाओं और ई-कॉमर्स के माध्यम से वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाने की जानकारी देने के लिए 14 अगस्त को जगदलपुर में ‘एक्सपोर्ट अवेयरनेस कैंप एवं ई-कॉमर्स समिट’ का आयोजन किया जाएगा।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र जगदलपुर द्वारा विदेश व्यापार महानिदेशालय, नागपुर के सहयोग से यह एक दिवसीय कार्यक्रम कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित होगा। कार्यशाला में स्थानीय उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के साथ ही निर्यात प्रक्रिया में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की जाएगी।
समिट के दौरान विशेषज्ञों द्वारा उद्यमियों और व्यवसायियों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार की संभावनाओं, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने तथा निर्यात से जुड़ी कानूनी और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। इससे स्थानीय व्यवसायियों को अपने उत्पादों का बाजार विस्तार करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र जगदलपुर के मुख्य महाप्रबंधक अजीत सुंदर बिलुंग ने जिले के सभी उद्यमियों और व्यवसायियों से कार्यशाला में शामिल होकर निर्यात से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने और इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
यह पहल बस्तर के पारंपरिक एवं स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।