रेलवे स्टेशन पर ‘हरे खीरे’ का खेल! वायरल वीडियो के बाद RPF का बड़ा एक्शन, 9 महिलाएं हिरासत में

8मई2026

बिहार के कटिहार रेलवे स्टेशन से सामने आए एक वायरल वीडियो ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। वीडियो में स्टेशन परिसर में खीरा बेचने वाली कुछ महिलाएं खीरों को कृत्रिम रूप से ज्यादा ताजा और चमकदार दिखाने के लिए उन्हें हरे रंग के घोल में डुबोती नजर आईं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में खाद्य सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठने के बाद इस वीडियो ने लोगों को और सतर्क कर दिया। वायरल क्लिप में देखा गया कि स्टेशन पर बिक रहे खीरों को ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए रंगीन घोल में डुबोया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इससे लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता था।
मामले की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF ने स्टेशन परिसर में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कुल 9 महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। बताया गया कि ये सभी महिलाएं स्टेशन परिसर में बिना अनुमति के वेंडिंग कर रही थीं।
रेलवे प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि खीरों पर इस्तेमाल किया गया रंग खाद्य मानकों के अनुरूप था या नहीं। वहीं, इस घटना के बाद यात्रियों से खाने-पीने की चीजें खरीदते समय सतर्क रहने की अपील भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *