जगदलपुर, 10 अगस्त 2026। बस्तर के दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण जैसे नक्सल प्रभावित इलाके से निकलकर तेज गेंदबाज रुद्र प्रताप देहारी ने क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। रुद्र का चयन आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के रिलायंस-1 क्रिकेट सेटअप में हुआ है। वे 10 अगस्त को टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होंगे, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और क्रिकेट का अनुभव मिलेगा।
रुद्र अपनी 140 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार वाली तेज गेंदबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। छत्तीसगढ़ प्रीमियर लीग में उन्होंने बिलासपुर बुल्स की ओर से खेलते हुए 15 विकेट हासिल किए और पर्पल कैप अपने नाम की। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने मुंबई इंडियंस के स्काउट्स और रिलायंस मैनेजमेंट का ध्यान खींचा, जिसके बाद उन्हें डेवलपमेंट स्क्वॉड में शामिल किया गया।
चार साल पहले शुरू हुआ था सफर
करीब चार साल पहले रुद्र अपनी मां के साथ बस्तर इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिकेट, कालीपुर पहुंचे थे। उस समय वे काफी दुबले-पतले थे, लेकिन तेज गेंदबाजी के प्रति उनका जुनून देखकर प्रशिक्षकों ने उनकी प्रतिभा को पहचाना। पहली बार ड्यूज बॉल से टर्फ विकेट पर गेंदबाजी करते ही उनकी गति ने सभी का ध्यान खींच लिया। उनकी रफ्तार जांचने के लिए करीब 50 हजार रुपये की स्पीड मशीन तक खरीदी गई, जिसमें रुद्र ने लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति दर्ज कराई।
अंडर-19 से एनसीए और सीके नायडू तक पहुंचे
लगातार मेहनत के बाद रुद्र ने बस्तर संभाग की अंडर-19 टीम में जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ अंडर-19 टीम से कूच बिहार और वीनू मांकड़ ट्रॉफी में लगातार दो साल हिस्सा लिया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन नेशनल क्रिकेट अकादमी यानी एनसीए के लिए हुआ। अंडर-23 स्तर पर उन्होंने सीके नायडू ट्रॉफी में भी अपनी तेज गेंदबाजी का प्रभाव छोड़ा।
अब मुंबई इंडियंस के रिलायंस सेटअप के जरिए रुद्र को दक्षिण अफ्रीका में विश्वस्तरीय सुविधाओं और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के बीच ट्रेनिंग का मौका मिलेगा। बस्तर के इस युवा तेज गेंदबाज की यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।