रायपुर, 10 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने पहले उसे शराब पिलाई और इसके बाद उसे अलग-अलग स्थानों पर ले गए। महिला ने एक स्कूल परिसर में भी दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत सबसे पहले आजाद चौक थाने में जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज की गई थी। जांच में घटनास्थल डीडी नगर थाना क्षेत्र का पाए जाने के बाद केस को डीडी नगर पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामले में शिवा, आयुष और दुर्गा को गिरफ्तार किया है। वहीं नाबालिग की भूमिका सामने आने पर किशोर न्याय कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
आजाद चौक थाना प्रभारी राजेश सिंह के मुताबिक, शिकायत के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।