जगदलपुर13अगस्त 2026/स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी और अंजुमन हिंदी-उर्दू हायर सेकेंडरी स्कूल की ओर से बुधवार को तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, शिक्षकों, कर्मचारियों और कमेटी के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले विद्यार्थियों में देशभक्ति का विशेष उत्साह नजर आया। रैली के दौरान बच्चों और शिक्षकों ने देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगाए। नारों से शहर के प्रमुख मार्ग और चौक-चौराहे गूंज उठे। तिरंगा थामे विद्यार्थियों की कतार ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
रैली स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर जगदलपुर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरी। इस दौरान अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी के सभी सदस्य, स्कूल का पूरा स्टाफ और शिक्षक विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। सभी ने अनुशासित ढंग से रैली में सहभागिता निभाई।
आयोजकों ने बताया कि तिरंगा रैली का उद्देश्य बच्चों और आम नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। रैली के माध्यम से लोगों से देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संदेश भी दिया गया। पूरे आयोजन के दौरान शहर का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।