जगदलपुर, 11 अगस्त 2026। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा जगदलपुर विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल नियानार में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ को लेकर विशेष प्रचार कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मां शारदा लोक कला मंच, जगदलपुर के 10 कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नाटक के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा नशे के दुष्परिणामों का संदेश दिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग की आरती गोस्वामी ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के संबंध में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को जानकारी दी। उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।
केंद्रीय संचार ब्यूरो के बी. एस. ध्रुव द्वारा कार्यक्रम में प्रश्न मंच का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों को विभाग की ओर से तत्काल पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में सरपंच घेनवाराम बघेल, उप सरपंच सेवती पटेल और विद्यालय के प्राचार्य प्रणव बेनर्जी ने ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के महत्व पर अपने विचार रखे। पूर्व सरपंच सुखलाल बघेल सहित शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और पूरे ग्राम का भ्रमण किया। रैली के माध्यम से प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने, राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन शशांक शेन्डे ने किया।