सक्ती में हिंसा भड़की: घर में तोड़फोड़, ट्रैक्टर-पिकअप और बाइक को लगाई आग

सक्ती, 05 मार्च। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसंतपुर गोरखापाली में गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आक्रोशित लोगों ने एक घर में तोड़फोड़ कर आगजनी कर दी। इस घटना में घर के पास खड़े कई वाहन आग की चपेट में आ गए और जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। कुछ ही देर में यह विवाद बढ़कर झगड़े में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने आक्रोश में आकर दूसरे पक्ष के घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। आगजनी के दौरान घर के पास खड़ा एक ट्रैक्टर, एक पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल आग की चपेट में आ गए, जिससे सभी वाहन जलकर खाक हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने-अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि विवाद के पीछे जातिगत तनाव भी कारण हो सकता है। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मालखरौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया। संभावित तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *