दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमाक्षेत्र में मुठभेड़: 5 लाख का इनामी माओवादी मारा गया, हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

5मार्च 2026

दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमाक्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक इनामी माओवादी मारा गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 मार्च 2026 को थाना गीदम क्षेत्र के ग्राम गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के मध्य जंगल-पहाड़ क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा हथियार और सामग्री डम्प किए जाने की विश्वसनीय सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा के निर्देश और उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) राहुल कुमार उइके के नेतृत्व में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवानों की टीम सर्चिंग के लिए रवाना हुई।
सर्चिंग के दौरान रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच भैरमगढ़ एरिया कमेटी के 8-10 सशस्त्र माओवादियों ने पुलिस पार्टी पर स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की प्रभावी फायरिंग से माओवादी पीछे हट गए और घने जंगल व अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
मुठभेड़ के बाद इलाके की सघन तलाशी में एक पुरुष माओवादी का शव बरामद किया गया। आत्मसमर्पित कैडर के माध्यम से उसकी पहचान राजेश पुनेम, एसीएम (भैरमगढ़ एरिया कमेटी) निवासी ग्राम बुरजी, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर के रूप में हुई। उस पर शासन द्वारा 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मौके से पुलिस ने SLR और INSAS रायफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी सेट, मैगजीन, जिंदा कारतूस और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है।
पुलिस ने आईईडी और एंबुश के संभावित खतरे को देखते हुए सावधानीपूर्वक टैक्टिकल मूवमेंट किया और आरओपी तथा एरिया डोमिनेशन के बाद सभी जवान सुरक्षित दंतेवाड़ा मुख्यालय लौट आए। इस अभियान में सुरक्षाबलों को कोई नुकसान नहीं हुआ।
जिला पुलिस दंतेवाड़ा ने कहा है कि नक्सल उन्मूलन के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *