दंतेवाड़ा में 2 साल बाद सुलझा अंधा कत्ल: मुआवजे की रकम के लालच में पोते ने की दादा की हत्या

3मार्च 2026

बचेली (दंतेवाड़ा)।करीब दो साल पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी को बचेली पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। 14 जनवरी 2024 की रात ग्राम नेरली में हुई बुजुर्ग बुधरू तेलाम की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके ही पोते राकेश तेलाम (26) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ऐसे रची गई थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की संयुक्त जमीन को वर्ष 2023 में NMDC Limited द्वारा स्लरी पाइपलाइन और ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के लिए अधिग्रहित किया गया था। जमीन के मुआवजे की पहली किस्त सितंबर 2023 में जारी हुई। आरोप है कि राकेश ने अपने दादा और अन्य खातेदारों को मृत दर्शाकर फर्जी तरीके से चेक हासिल किया और रकम अपने बैंक खाते में जमा करा ली।
जब इस बात की जानकारी परिवार को हुई तो मामला खुलने का डर सताने लगा। पुलिस के मुताबिक, इसी डर और बाकी मुआवजा राशि हथियाने की नीयत से आरोपी ने हत्या की साजिश रची।
बिजली काटकर किया हमला
घटना की रात आरोपी ने पहले घरों के बाहर लगे गेट को रस्सी और तार से बांधा ताकि कोई तुरंत बाहर न निकल सके। इसके बाद ट्रांसफॉर्मर का स्विच बंद कर इलाके की बिजली गुल कर दी। अंधेरे का फायदा उठाकर वह घर में घुसा और सो रहे बुजुर्ग पर धारदार हथियार से कई वार कर फरार हो गया। घायल अवस्था में परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच में खुला राज
मामले में अपराध क्रमांक 03/2024, धारा 302 भादवि के तहत केस दर्ज कर जांच जारी थी। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया। हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *