यातायात माह में बच्चों की सुरक्षा पर फोकस: कांकेर में 55 स्कूल बसों की सघन जांच

कांकेर- यातायात माह के अंतर्गत आज 18 जनवरी 2026 को यातायात पुलिस कांकेर एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से गोविंदपुर स्कूल मैदान में शहर में संचालित निजी स्कूल बसों की व्यापक जांच की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कांकेर  निखिल राखेचा के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  आकाश श्रीमाल (भानुप्रतापपुर) और  दिनेश कुमार सिन्हा (कांकेर) के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
इस दौरान रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी  दीपक साव, यातायात बल कांकेर, RTO श्री ऋषभ नायडू एवं परिवहन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से लगभग 55 स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
जांच के दौरान वाहन चालक एवं संचालकों को बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने प्रत्येक स्कूल बस में हेल्पर अनिवार्य रूप से रखने, ओवरलोडिंग न करने, निर्धारित वर्दी में ही वाहन संचालन करने तथा बच्चों को सड़क पार कराते समय हेल्पर की सहायता लेने पर जोर दिया।
इसके साथ ही वाहन के सभी दस्तावेज अद्यतन रखने, बसों में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने, तेज गति से वाहन न चलाने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने तथा किसी भी अज्ञात व्यक्ति को लिफ्ट न देने के निर्देश दिए गए। स्कूल बसों में बच्चों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को न बैठाने और नए वाहन चालक नियुक्त करने से पूर्व उसके दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन कराने की भी हिदायत दी गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा से संबंधित सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *