21मई 2026
बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। State Bank of India ने देशभर में अप्रेंटिस के 7150 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑनलाइन आवेदन 19 मई 2026 से शुरू हो चुके हैं और इच्छुक उम्मीदवार 8 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के माध्यम से युवाओं को बैंकिंग सेक्टर में काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। खास बात यह है कि आवेदन के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन पास होना जरूरी है। अंतिम वर्ष का रिजल्ट घोषित हो चुका अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
आयु सीमा और पात्रता
भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी मिलेगी।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी
उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा और स्थानीय भाषा परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को अप्रेंटिसशिप अवधि के दौरान मासिक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
आवेदन करते समय रखें ध्यान
आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक दस्तावेज, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी तैयार रखनी होगी। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित शुल्क जमा करना होगा, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को शुल्क में छूट दी गई है।
बैंक ने दी महत्वपूर्ण सलाह
बैंक के मानव संसाधन विभाग के अनुसार, अभ्यर्थी आवेदन करते समय स्थानीय भाषा का चयन सावधानीपूर्वक करें, क्योंकि यह चयन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। साथ ही अंतिम तारीख का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह भी दी गई है।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी sbi.co.in� पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।