21मई 2026
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में पारिवारिक जमीन विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बड़े भाई ने छोटे भाई की लोहे की गैंती से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला दंतेवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम टेकनार कोन्टीपारा का है। गांव में एक नामकरण कार्यक्रम चल रहा था, जहां परिवार के सदस्य और ग्रामीण जुटे हुए थे। इसी दौरान दो भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। शुरुआत में मामला कहासुनी तक सीमित रहा, लेकिन कुछ घंटों बाद विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि दोपहर में भोजन करने के बाद मृतक अपने घर के आंगन में आराम कर रहा था। तभी आरोपी भाई वहां पहुंचा और लोहे की गैंती से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायल को संभालने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या में इस्तेमाल लोहे की गैंती बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक जमीन विवाद सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।