दलपत सागर के कायाकल्प की राह हुई आसान, जलकुंभी से मिलेगी निजात

एनएमडीसी नगरनार और नगर निगम के बीच हुआ एमओयू, सीएसआर से मिले 50 लाख रुपये

पहले चरण के लिए 20 लाख की राशि जारी, जल्द शुरू होगा सघन सफाई अभियान

जगदलपुर, 1सितंबर 2026। बस्तर की ऐतिहासिक धरोहर और जगदलपुर की पहचान दलपत सागर को स्वच्छ, सुंदर और जलकुंभी मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन तथा जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव और महापौर संजय पाण्डे के प्रयासों से31अगस्त को जगदलपुर नगर निगम और एनएमडीसी नगरनार इस्पात संयंत्र के बीच एमओयू संपन्न हुआ है।

समझौते के तहत एनएमडीसी नगरनार अपने सीएसआर मद से दलपत सागर के संरक्षण और सफाई के लिए 50 लाख रुपये खर्च करेगा। प्रथम चरण के कार्यों के लिए 20 लाख रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है।

जलकुंभी बनी थी बड़ी चुनौती

दलपत सागर में लंबे समय से फैली जलकुंभी नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई थी। अब सीएसआर राशि से नगर निगम व्यापक कार्ययोजना के साथ सघन सफाई अभियान चलाएगा। जलकुंभी हटने के बाद सरोवर को उसके प्राकृतिक और आकर्षक स्वरूप में लौटाने की उम्मीद है।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

एमओयू के दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा तथा एनएमडीसी नगरनार की ओर से अधिशासी निदेशक टीपी सिंह, मुख्य महाप्रबंधक बान सिंह यादव और सहायक महाप्रबंधक विनोद पांडे मौजूद रहे।

दलपत सागर की सफाई की यह पहल न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगी, बल्कि इसके ऐतिहासिक, पर्यावरणीय और पर्यटन महत्व को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *