बस्तर के ज्ञानगुड़ी की चमकी चार ‘हीरे’ जैसी प्रतिभाएं, पहले ही राउंड में MBBS सीट पक्की

NEET में शानदार सफलता: 90 में से 50 विद्यार्थियों ने परीक्षा की उत्तीर्ण, चार छात्रों का शासकीय मेडिकल कॉलेजों में चयन

जगदलपुर, 31 अगस्त 2026। बस्तर के दूरदराज अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे बड़े से बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं। इसका शानदार उदाहरण जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा संचालित निशुल्क ‘ज्ञानगुड़ी’ कोचिंग संस्थान के विद्यार्थियों ने पेश किया है। संस्थान के चार होनहार विद्यार्थियों ने NEET की पहले चरण की काउंसलिंग में ही सफलता हासिल करते हुए प्रतिष्ठित शासकीय मेडिकल कॉलेजों में MBBS की सीट सुरक्षित कर ली है।

ज्ञानगुड़ी के सफल विद्यार्थियों में समीर मरकाम और गीतेश्वरी सलाम का चयन शासकीय मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, जगदलपुर, कृष्णा सेन का चयन कांकेर मेडिकल कॉलेज तथा खुशबू बिस्वास का चयन पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में हुआ है।

कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला, छात्रों को दिए टैबलेट

अपनी इस उपलब्धि के बाद चारों चयनित विद्यार्थी कलेक्ट्रेट पहुंचे और बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा से सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय कलेक्टर के निरंतर मार्गदर्शन और ज्ञानगुड़ी में मिलने वाली शैक्षणिक सहायता को दिया।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने विद्यार्थियों को उनकी शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उच्च शिक्षा में डिजिटल सहायता के उद्देश्य से सभी को टैबलेट उपहार स्वरूप प्रदान किए। उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की मेहनत की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से अपील की कि वे मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद वापस बस्तर लौटें और यहां के जरूरतमंद लोगों की सेवा में अपना योगदान दें।

पिन-पॉइंट सुझावों से मजबूत हुई तैयारी

सफल विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कलेक्टर आकाश छिकारा द्वारा पूरे वर्ष दिए गए अध्ययन और तैयारी से जुड़े पिन-पॉइंट सुझावों ने उनकी रणनीति को मजबूत किया। नियमित मार्गदर्शन और बेहतर तैयारी के चलते वे अपने पहले ही प्रयास में मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाने में सफल रहे।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर छिकारा लगातार ज्ञानगुड़ी केंद्र का दौरा कर विद्यार्थियों की काउंसलिंग करते रहे हैं। वे अपने अध्ययन और यूपीएससी की तैयारी के व्यावहारिक अनुभवों को भी विद्यार्थियों के साथ साझा कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते रहे हैं।

90 में से 50 ने पास की NEET, चार को पहले राउंड में MBBS

ज्ञानगुड़ी की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि संस्थान के 90 विद्यार्थियों में से 50 ने NEET परीक्षा उत्तीर्ण की। इनमें से चार विद्यार्थियों ने पहले ही काउंसलिंग राउंड में सीधे शासकीय मेडिकल कॉलेजों में MBBS सीट हासिल कर बस्तर का नाम रोशन किया है।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर हीरा गवर्ना, ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम चेरियन, जी श्रीनिवास राव, मनीष श्रीवास्तव तथा संजीव बिस्वास उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *