बस्तर में नशीली गोलियों की बड़ी खेप जब्त, 450 टैबलेट के साथ युवक गिरफ्तार
जगदलपुर, 7 अक्टूबर 2026। बस्तर जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने ग्राहक का इंतजार कर रहे एक युवक को 450 नग प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गोलियों की कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक गंगामुंडा तालाब स्थित चौपाटी में पीले रंग के कैरी बैग में नशीली गोलियां रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक की पहचान राहुल मंडावी, उम्र 24 वर्ष, निवासी सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड, जगदलपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद पीले रंग के कैरी बैग से अल्प्राजोलम की 450 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इन गोलियों को रखने, परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज आरोपी के पास नहीं मिला।
पुलिस ने नशीली गोलियों को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में न्यायिक रिमांड के लिए पेश किया गया है।