जगदलपुर, 7 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर, रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। जगदलपुर में परीक्षा के लिए कुल 8 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,803 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा के लिए शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धरमपुरा, झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय शांतिनगर, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय धरमपुरा, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय राजेंद्र नगर वार्ड और स्वामी विवेकानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय अग्रसेन चौक को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच के साथ मूल प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा।
ड्रेस कोड रहेगा लागू
परीक्षा केंद्र में जूते, मोजे, बेल्ट, घड़ी, धूप का चश्मा, टोपी, स्कार्फ, पर्स, आभूषण, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के कपड़े या हाफ टी-शर्ट और पैरों में केवल चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए उप कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित निर्देशों का पालन करते हुए समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।