एक “Hi” और शिकायत दर्ज! कांकेर पुलिस का डिजिटल कदम, घर बैठे मिलेगा न्याय

कांकेर। स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक और बड़ी पहल करते हुए कांकेर पुलिस ने अब व्हाट्सएप आधारित शिकायत प्रणाली शुरू कर दी है। इस नई सुविधा के जरिए आम नागरिक बिना थाने जाए, सिर्फ एक मैसेज भेजकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और उसकी स्थिति की जानकारी भी तुरंत प्राप्त कर सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में शुरू की गई यह सेवा पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुलभ और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। अब लोगों को छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि वे अपने मोबाइल फोन से ही सीधे पुलिस से जुड़ सकेंगे।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए नागरिकों को जारी व्हाट्सएप नंबर 94791-55125 पर “Hi” या “नमस्ते” भेजना होगा। इसके बाद उन्हें दो विकल्प मिलेंगे—पहला, नई शिकायत दर्ज करने का और दूसरा, पहले से दर्ज शिकायत की स्थिति जानने का। शिकायत दर्ज करने के बाद हर केस को एक यूनिक नंबर दिया जाएगा, जिससे उसकी ट्रैकिंग आसान हो सकेगी।
इतना ही नहीं, शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निराकरण के लिए पुलिस ने एक डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम भी तैयार किया है। इसके जरिए हर शिकायत पर नजर रखी जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि तय समय सीमा में उसका समाधान हो। साथ ही, शिकायत के निराकरण के बाद नागरिक फीडबैक भी दे सकेंगे, जिससे सेवाओं में लगातार सुधार किया जा सके।
कांकेर पुलिस की यह पहल डिजिटल गवर्नेंस और आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में एक मजबूत कदम है, जो आम जनता को तेज, सरल और भरोसेमंद शिकायत निवारण व्यवस्था देने का प्रयास है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपनी समस्याएं सीधे पुलिस तक पहुंचाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *