महासमुंद जिला जेल से एक साथ 4 कैदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; पुलिस ने जनता से की सतर्क रहने की अपील

महासमुंद16नवंबर2026/ छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। महासमुंद जिला जेल से एक साथ चार कैदियों के फरार होने की सूचना है। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार कैदियों की तलाश के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरार हुए चारों कैदी चोरी और अवैध गांजा तस्करी से जुड़े मामलों में जिला जेल में बंद थे। एक साथ चार कैदियों के जेल से बाहर निकलने की घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जिलेभर में तलाश अभियान, संभावित ठिकानों पर दबिश

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन सक्रिय हो गए। फरार कैदियों का पता लगाने के लिए जिले के विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस की आम नागरिकों से अपील

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। यदि किसी को फरार कैदियों के संबंध में कोई जानकारी मिलती है या वे कहीं संदिग्ध अवस्था में दिखाई देते हैं, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा प्रशासन को सूचना देने कहा गया है।

फिलहाल चारों कैदियों की तलाश जारी है। जेल से फरार होने की घटना किन परिस्थितियों में हुई और सुरक्षा में कहां चूक हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *