छठ घाट पर सीएम साय ने पत्नी संग दिया उगते सूर्य को अर्घ्य, कुनकुरी को दी 23.17 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

जशपुर 16नवंबर2026/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नेआज सोमवार, 16 नवंबर को छठ महापर्व के अवसर पर जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचकर अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ भगवान सूर्यदेव को उषा अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। छठ पूजा में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है छठ

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था, श्रद्धा और समर्पण का अनुपम पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और अपने क्षेत्र में इस पावन पर्व में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

कुनकुरी को मिली 23.17 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुनकुरी नगरवासियों को 23 करोड़ 17 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने इन कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें छठ तालाब का विस्तार एवं चौड़ीकरण, तालाब का पुनर्जीवन, मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन, सड़क निर्माण और जिम निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

प्रमुख विकास कार्यों का विवरण इस प्रकार है—

  • 5.17 करोड़ रुपये: छठ तालाब का विस्तार एवं चौड़ीकरण।
  • 6.89 करोड़ रुपये: तालाब का पुनर्जीवन (रिज्युविनेशन)।
  • 3.11 करोड़ रुपये: मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण।
  • 7 करोड़ रुपये: छठ तालाब से बंदरा खसरा नाला तक सड़क निर्माण।
  • 1 करोड़ रुपये: जिम निर्माण।

श्रद्धालुओं और युवाओं को मिलेगा लाभ

इन विकास कार्यों के पूरा होने से कुनकुरी में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। छठ तालाब के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं तालाब के पुनर्जीवन से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। सांस्कृतिक भवन बनने से सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा और जिम बनने से युवाओं को व्यायाम की सुविधा मिलेगी।

चार दिनों तक चलता है छठ महापर्व

छठ महापर्व भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का चार दिवसीय पर्व है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाता है। इसके साथ ही व्रत का समापन होता है। यह पर्व पवित्रता, अनुशासन, त्याग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *