29मई 2026
मोहला-मानपुर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय भावुक हो उठा, जब नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों ने अपने जीवन के दर्दनाक अनुभव सबके सामने साझा किए। मंच पर मौजूद प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों के सामने पीड़ितों की आंखों से छलके आंसुओं ने माहौल को गमगीन कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान नक्सल पीड़ित परिवारों को विशेष पैकेज के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबियां सौंपी गईं। इस दौरान कई महिलाओं और ग्रामीणों ने बताया कि किस तरह नक्सल हिंसा ने उनके परिवारों से अपनों को छीन लिया। किसी ने कहा कि “तालाब में नहाने गए थे, तभी गोली मार दी गई”, तो किसी महिला ने अपने परिजन की हत्या की दर्दभरी कहानी सुनाई।
पीड़ित परिवारों की बातें सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। वर्षों तक भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहे इन परिवारों के लिए यह पल केवल सरकारी सहायता मिलने का नहीं, बल्कि नई जिंदगी की उम्मीद का भी था।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार नक्सल हिंसा से प्रभावित हर परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों के पुनर्वास, सुरक्षा और बेहतर जीवन के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
सुशासन तिहार के इस आयोजन में दर्द, संघर्ष और उम्मीद—तीनों तस्वीरें एक साथ देखने को मिलीं। जहां एक ओर लोगों ने अपने जख्मों को याद कर आंखें नम कीं, वहीं दूसरी ओर नए घर की चाबी हाथ में आने से उनके चेहरों पर भविष्य की उम्मीद भी साफ दिखाई दी।