बस्तर में सहकारिता का नया सवेरा : दिनेश कश्यप बने अध्यक्ष, श्रीनिवास मिश्रा उपाध्यक्षसंभाग स्तरीय किसान सम्मेलन में केसीसी वितरण, ऋण सीमा बढ़ी, सहकारिता विभाग कैलेंडर का विमोचन

जगदलपुर, 18 जनवरी। बस्तर संभाग के किसानों के लिए रविवार का दिन सहकारिता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बन गया। शहर के वीर सावरकर सभागार में आयोजित भव्य समारोह में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इसी अवसर पर संभाग स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें किसानों के हित में कई अहम घोषणाएं और योजनाएं सामने आईं।
समारोह में  दिनेश कश्यप ने जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष तथा  श्रीनिवास मिश्रा ने उपाध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला। दोनों पदाधिकारियों ने सहकारिता के माध्यम से किसानों की आर्थिक मजबूती और बस्तर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपेक्स बैंक के अध्यक्ष  केदारनाथ गुप्ता ने कृषि ऋण व्यवस्था में किए गए बदलावों की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को मिलने वाली ऋण सीमा में वृद्धि की गई है। पहले 60 हजार रुपये तक मिलने वाला कृषि ऋण अब बढ़ाकर 66 हजार रुपये कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब किसानों को कुल ऋण राशि का 70 प्रतिशत नकद और 30 प्रतिशत वस्तु ऋण के रूप में प्रदान किया जाएगा, जिससे खेती से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं को पूरा करना आसान होगा। साथ ही 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किए जाने और भुगतान सीधे बैंक खातों में होने से किसानों को बड़ी राहत मिली है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष  रूपसिंह मंडावी ने कहा कि प्रदेश में सहकारी ऋण अब डर का कारण नहीं, बल्कि विकास का साधन बन चुका है। उन्होंने बताया कि शून्य प्रतिशत ब्याज दर जैसी योजनाओं ने किसानों को साहूकारों की निर्भरता से मुक्त किया है। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना का दायरा अब खेती के साथ-साथ मछली पालन, पशुपालन और कृषि यंत्रों तक बढ़ाया गया है।
इस अवसर पर महापौर  संजय पांडे ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सहकारिता व्यवस्था किसानों की रीढ़ है। कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक  विनायक गोयल, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष  श्रीनिवास मद्दी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष  दिनेश कश्यप ने कहा कि शासन की मंशा है कि किसान आत्मनिर्भर बनें और उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो। उन्होंने बैंक और किसानों के बीच समन्वय को सफलता की कुंजी बताया। वहीं उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने आश्वासन दिया कि नई कार्यकारिणी पूरी निष्ठा से किसानों के हित में कार्य करेगी।
कार्यक्रम के दौरान मछली पालन और गाय पालन के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही तार फेंसिंग, मिनी राइस मिल की स्थापना जैसे कृषि अधोसंरचना कार्यों के लिए मध्यमकालीन ऋण भी प्रदान किए गए। अंत में सहकारिता विभाग के नवीन कैलेंडर का विमोचन किया गया।
वीर सावरकर सभागार में बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति और उनके चेहरों पर दिखी संतुष्टि इस आयोजन की सफलता का प्रमाण बनी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्षगण, पूर्व विधायकगण, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अधिकारी, सहकारी समितियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *