गरियाबंद, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखी गई 21 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इस मामले में कुख्यात नक्सली कमांडर चलपति की पूर्व महिला गार्ड समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों पर जंगल में गाड़कर रखे गए नक्सली डंप से रुपये निकालने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल में तीन संदिग्ध लोगों के घूमने की सूचना मुखबिर से मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 रुपये के नोटों के कई बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 21 लाख रुपये बताई गई है।
स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे थे रुपये
जांच में सामने आया है कि नकदी को एक स्टील के डिब्बे में बंद कर जमीन के भीतर गाड़कर रखा गया था। बताया जा रहा है कि पूर्व नक्सली कमांडर चलपति ने वर्ष 2024 में ठेकेदारों और आम लोगों से अवैध वसूली के जरिए जुटाई गई इस रकम को जंगल में छिपाया था। गिरफ्तार महिला को चलपति की पूर्व गार्ड बताया जा रहा है। उसके साथ सीनापाली दलम की पूर्व कमांडर समेत दो अन्य लोग भी पकड़े गए हैं।
पुलिस खंगाल रही नक्सली नेटवर्क के पुराने ठिकाने
गरियाबंद के एएसपी करण कुमार उईके के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार किया और 21 लाख रुपये बरामद किए। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इससे पहले भी उन्होंने जंगल में छिपाए गए अन्य नक्सली डंप से नकदी या हथियार निकाले हैं।
इस कार्रवाई के बाद जंगलों में छिपाकर रखी गई नक्सली संपत्ति और पुराने डंप को लेकर जांच तेज होने की संभावना है।