गाड़ी निकालने को लेकर मामूली विवाद बना खूनी वारदात, गोतिया के लोगों ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला

नालंदा में 36 वर्षीय मजदूर की मौत, पत्नी और तीन मासूम बेटियों के सामने खड़ा हुआ रोजी-रोटी का संकट

नालंदा, 8 नवंबर 2026। बिहार के नालंदा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सरमेरा थाना क्षेत्र के परनामा गांव में गाड़ी निकालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि गोतिया परिवार के लोगों ने 36 वर्षीय मजदूर समंत मांझी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल समंत की रविवार सुबह बिहारशरीफ सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक समंत मांझी, परनामा गांव निवासी स्वर्गीय नरेश मांझी के पुत्र थे। उनकी पत्नी सीमा देवी के मुताबिक, शनिवार शाम खाना खाने के बाद समंत हाथ धोने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर परिजन और उनका भांजा मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर वहां से जा चुके थे।

गाड़ी निकालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

परिजनों के अनुसार, गोतिया परिवार में एक युवक की मौत के बाद लोग उससे जुड़े कार्यक्रम में जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी निकालने को लेकर समंत और दूसरे पक्ष के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर रंजिश बढ़ गई और साधु मांझी तथा उसके पुत्र जमाहिर मांझी और रौशन मांझी ने समंत पर हमला कर दिया।

अस्पताल में इलाज को लेकर भी उठे सवाल

घटना के बाद घायल समंत को पहले सरमेरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल में इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप भी परिजनों ने लगाया है।

मृतक के साले प्रद्युमन कुमार का आरोप है कि रात के समय बार-बार आग्रह करने के बावजूद चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मरीज को देखने नहीं पहुंचे। वहीं, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मरीज का नियमानुसार उपचार किया गया था। लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद सरमेरा थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

समंत मांझी दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी सीमा देवी और तीन छोटी बेटियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामूली विवाद में हुई इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *