बच्चियों के साथ दुकान पहुंची थीं 4 से 5 महिलाएं, आभूषण देखने के बहाने दिया चोरी को अंजाम; देर रात स्टॉक मिलान में खुला मामला
जगदलपुर 8नवंबर 2026/छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। शहर के व्यस्त पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स में महिलाओं के एक गिरोह ने बेहद शातिर तरीके से करीब 1 किलो 200 ग्राम सोने के आभूषणों से भरा बॉक्स पार कर दिया। चोरी किए गए सोने की कीमत 1 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे 4 से 5 महिलाएं कुछ बच्चियों के साथ मोती ज्वेलर्स पहुंचीं। महिलाएं आभूषण देखने के बहाने दुकान में मौजूद थीं। इसी दौरान गिरोह की एक महिला ने मौका पाकर काउंटर के दूसरी ओर रखे सोने के आभूषणों से भरे बॉक्स को चोरी कर लिया। इसके बाद सभी महिलाएं दुकान से बाहर निकल गईं। हैरानी की बात यह रही कि दुकान के संचालक और कर्मचारियों को उस समय चोरी की भनक तक नहीं लगी।
देर रात स्टॉक मिलान में हुआ खुलासा
दुकानदार ने देर रात जब सोने के आभूषणों का स्टॉक मिलाना शुरू किया, तब एक बॉक्स गायब मिला। जांच करने पर पता चला कि उसमें करीब 1 किलो 200 ग्राम सोने के आभूषण रखे हुए थे। इसकी बाजार कीमत 1 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें महिलाओं का एक समूह और बॉक्स ले जाती एक महिला दिखाई दी।
पुलिस ने शुरू की महिलाओं की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही दुकान संचालक ने कोतवाली पुलिस को शिकायत दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और वारदात में शामिल महिलाओं की तलाश की जा रही है।
व्यापारियों ने की जल्द कार्रवाई की मांग
इतनी बड़ी मात्रा में सोने की चोरी से शहर के सर्राफा कारोबारियों और व्यापारिक संगठनों में चिंता का माहौल है। बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स और सर्राफा संघ के पदाधिकारियों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरोह की पहचान करने और चोरी गए सोने की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।